
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भोपाल लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवारी घोषित होते ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सक्रिय हो गया है। संघ के सर कार्यवाह भय्या जी जोशी मंगलवार को भोपाल पहुंचे, जहां संघ कार्यालय समिधा में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कुछ भाजपा नेताओं से बातचीत की।
पार्टी नेताओं की मानें तो उन्होंने भाजपा की रणनीति के बारे में पूछताछ करने के साथ ही भोपाल के वोटों का गणित भी समझा। जोशी संघ के दूसरे नंबर के वरिष्ठ अधिकारी हैं। इसका मतलब साफ है कि संघ ने दिग्विजय की चुनौती को गंभीरता से लिया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को संघ का धुर विरोधी नेता माना जाता है। उन्होंने संघ को आतंकी संगठन तक कहा है।
संघ सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को अचानक भोपाल प्रवास पर आए भय्या जी जोशी ने भोपाल लोकसभा क्षेत्र के बारे में शिवराज, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और प्रभात झा से बातचीत की। इस दौरान चौहान के साथ एकांत में भी उनकी चर्चा हुई। दिग्विजय के भोपाल से चुनाव लड़ने पर जोशी ने कहा कि चुनाव शुरू होने दो, हम देखेंगे। भाजपा रणनीति बना रही है।



