ग्वालियर

घूमने के लिए घर से निकला, तिघरा डेम में उतराता मिला शव

ग्वालियर। लापता 18 वर्षीय युवक का शव तिघरा जलाशय में गुरुवार सुबह पानी में तैरता मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में ले लिया। मृतक युवक बुधवार सुबह घूमने जाने की कहकर घर से निकला था। मृतक की बाइक और मोबाइल मौके से नहीं मिले हैं। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की परिस्थितियां भी संदिग्ध नजर आ रही हैं। फिलहाल तिघरा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मर्ग कायम कर लिया है।

गुरुवार सुबह तिघरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि तिघरा जलाशय में एक युवक का शव तैर रहा है। इस पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। कुछ देर प्रयास के बाद मृतक की शिनाख्त माधवगंज मस्जिद वाली गली निवासी 18 वर्षीय दानिश खान पुत्र हबीब खान के रूप में हुई।

परिजन को सूचना दी, परिजन मौके पर पहुंचे –

मृतक के परिजन ने बताया कि दानिश बुधवार सुबह अपनी बाइक एमपी33 बीए-0246 लेकर वॉक करने जाने की कहकर निकला था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था। जब शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला तो उसकी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस में सूचना इसलिए नहीं दी शायद रात तक लौट आए। उसका मोबाइल भी सुबह से बंद आ रहा था। यह कहानी आने के बाद पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है।

हत्या, हादसा या खुदकुशी मे उलझी पुलिस –

दानिश की मौत हादसा नहीं हो सकती। ऐसा नहीं है कि वह नहाने उतरा हो और डूब गया हो। क्योंकि बॉडी जब मिली है तो उसके शरीर पर पूरे कपड़े थे। कपड़े पहनकर वह नहाने नहीं उतर सकता। अब हत्या या खुदकुशी के प्वाइंट बचे। पर बाइक और मोबाइल स्पॉट पर कहीं मिल जाते तो पुलिस इसे खुदकुशी मान सकती थी, लेकिन यह भी नहीं हुआ। युवक का शव मिलना और बाइक, मोबाइल गायब होना उसकी हत्या की ओर भी इशारा कर रहा है। पुलिस को इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जिससे स्पष्ट हो सके कि डूबने से मौत हुई है या फिर उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

किन दोस्तों के साथ घूमने गया –

पुलिस पता लगा रही है कि सुबह जब वह घर से निकला था तो किन दोस्तों के साथ वह तिघरा पहुंचा था। इसके अलावा वह दोस्त कहां हैं। उसकी बाइक और मोबाइल कहां है। पुलिस उसकी मोबाइल की सीडीआर भी निकलवा रही है।

यह है पारिवारिक स्थिति –

माधवगंज मस्जिद वाली गली निवासी हबीब खां ट्रांसपोर्ट नगर में मजदूरी करते हैं। उनके 4 बच्चे हैं। सबसे बड़ा दानिश (18) उससे छोटा मीर, बेटी निदा और सबसे छोटा बेटा टीटू हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button