झाबुआ: लगभग 27 हजार वोटों से जीते भूरिया, जताया आभार

झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के भानू भूरिया को करीब 27 हजार से अधिक वोटों से हराया। झाबुआ के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 26 राउंड में मतगणना हुई। पहले दो राउंड में मतगणना के दौरान निर्वाचन अधिकारी द्वारा बार-बार गलत जानकारी दिए जाने के बाद प्रत्याशी परेशान हो गए थे। इसके बाद प्रत्याशी के समर्थक और मीडियाकर्मी इस मामले में कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे। दो राउंड में पहले भाजपा उम्मीदवार को आगे बताया गया फिर कांग्रेस उम्मीदवार को आगे बताया गया। इस चुनाव के परिणाम आने के बाद 11वें विधायक को आज ही चुनाव जीतने का प्रमाण पत्र मिल जाएगा। कांग्रेस ने यहां लोकसभा चुनाव हार चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया पर दाव लगाया वहीं भाजपा ने नए चेहरे भानू भूरिया को इस बार मैदान में उतारा था।
3:40 PM : आखिरी 26वें राउंड की काउंटिंग में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 95741 वोट मिले और भाजपा के भानू भूरिया को 67984 वोट मिले। इस राउंड में 27,757 मतों से भूरिया आगे रहे और उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की।
3:30 PM – मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झाबुआ की जीत पर जनता को दिया धन्यवाद जताया आभार कहा मध्य प्रदेश की सरकार पर लोगों को भरोसा है। मध्यप्रदेश में हम चरणबद्ध तरीके से किसानों की कर्ज माफी कर रहे हैं। झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भुरिया को बहुत-बहुत बधाई। क्षेत्र के मतदाताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार। क्षेत्र की जनता ने भाजपा के झूठ,फरेब,जुमलों को नकारकर कांग्रेस की रीति-नीतियो व कांग्रेस सरकार के जनहित के कार्यों पर मुहर लगायी है। यह झाबुआ की जनता की ओर से दिया गया दीपावली का तोहफ़ा है। चुनाव में जनता से किये सभी वादों को पूरा कर हम झाबुआ की तस्वीर बदलेंगे, यह हमारा संकल्प है। इस जीत ने हमें और मज़बूती प्रदान की है। जनता के विश्वास पर खरे उतरकर हम और ताक़त से प्रदेश में विकास की गंगा बहाएंगे। जनता से किये एक-एक वादे को पूरा करना हमारा वचन है, उसे हम हर हाल में निभाएंगे।
3:20 PM – 23वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 86671 वोट मिले और भाजपा के भानू भूरिया को 63206 वोट मिले। कांतिलाल इस राउंड में 23,465 वोटों से आगे रहे। 24वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 89945 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी को 64714 मत मिले। इस राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी 25,231 वोटों से आगे रहे। 25वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 93587 वोट मिले तो भाजपा के भानू भूरिया को 67053 वोट मिले, इस राउंड में कांतिलाल 26,534 वोटों से आगे रहे।
2:55 PM : 22वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया 22110 मतों से आगे रहे। इस राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को 82835 वोट मिले वहीं भाजपा प्रत्याशी भानू भूरिया को 60725 मत प्राप्त हुए। इस बीच भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव अधिकारियों से रिकाउंटिंग की मांग भी की।
2:04 PM – 19 वें राउंड में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया केा 72,051 वोट मिले, भाजपा के भानू भूरिया को 53,420 वोट प्राप्त हुए। इस राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी 18,631 मतों से आगे रहे। 20वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 75482 मत प्राप्त हुए वहीं भानू भूरिया को 55242 वोट मिले। इस चरण में कांतिलाल 20,240 वोट से आगे रहे। 21वें राउंड में कांतिलाल भूरिया को 79340 वोट मिले और भाजपा उम्मीदवार को 58461 वोट मिले, इसमें कांतिलाल 20,879 वोट से आगे रहे। झाबुआ में मिलती बढ़त के बाद भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस नेताओं ने जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।