Latest

Cyclone Fani:पुरी सहित ओडिशा के अन्य जिलों में जमकर तबाही

नई दिल्ली। Cyclone Fani बंगाल की खाड़ी में उठे समुद्री तूफान फानी ने शुक्रवार को पुरी सहित ओडिशा के अन्य जिलों में जमकर तबाही मचाई। इस दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत हो गई। पुरी में जहां 245 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली, वहीं अन्य हिस्सों में 175 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई।

फानी से प्रभावित राज्यों को निपटने के लिए केंद्र सरकार ने 1000 करोड़ रुपये जारी किए है। इसकी घोषणा शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने की। इससे पहले 11 लाख लोगों को प्रभावित इलाकों से पहले ही हटा लिया गया था, जिससे नुकसान काफी कम हुआ। 10,000 गांवों और 52 शहरी क्षेत्रों को खाली करा लिया गया था। 

बांग्लादेश की ओर मुड़ा तूफान
पुरी से गुजरने के बाद फानी चक्रवात खुर्दा, भुवनेश्वर, कटक, भद्रक, व बालेश्वर होते हुए पश्चिम बंगाल से गुजर कर बांग्लादेश की ओर चला गया। इससे पहले फानी तूफान का बाहरी आवरण शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे पुरी जिले के गोपालपुर और चांदबली के बीच जमीन से टकराया। उस समय इसकी गति सौ किमी प्रति घंटे थी। जैसे-जैसे तूफान का केंद्र तट की ओर बढ़ता गया इसकी गति भी तीव्र हो गई। जब तूफान का केंद्र सुबह करीब दस बजे पुरी में तट से टकराया तो उस समय उसकी रफ्तार 245 किमी प्रति घंटा मापी गई। जो धीरे धीरे कमजोर पड़ती चली गई। पिछले 43 साल में यह सबसे तीव्र गति का तूफान था। 

बस्तियों से हटा लिए गए थे लोग
तूफान की वजह से भुवनेश्वर में तेज हवाओं से लोग बुरी तरह सहम गए। भुवनेश्वर में 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा व भारी बारिश के कारण तमाम जगहों पर विशालकाय पेड़ भी धराशायी हो गए। प्रशासन की तरफ से बस्ती में रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। बावजूद इसके भुवनेश्वर में काफी संख्या में लोग बस्तियों में रुके रहे। जिन्हें शुक्रवार को तबाही के बाद आश्रय स्थल में लाया गया। 

एनडीआरएफ की 28 टीमें तैनात
किसी भी आपदा से निपटने के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉस फोर्स (एनडीआरएफ) की 28 टीमों को तैनात किया गया है। इससे पहले शासन प्रशासन ने किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली थी। प्रभावितों को लिए 800 आश्रय स्थल बनाए है। स्कूल व कॉलेजों को बंद कर आश्रय स्थल में तब्दील कर दिया गया है। 

एक लाख भोजन के पैकेट तैयार
प्रभावितों के लिए सूखे भोजन के एक लाख पैकेट और इन्हें वितरित करने के लिए दो हेलीकॉप्टर तैयार हैं। भारतीय तटरक्षक बल के पास विशाखापट्टनम, चेन्नई, गोपालपुर, हल्दिया, फ्रेजरंगज और कोलकाता के विभिन्न स्थानों पर 34 आपदा राहत दल हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चार जहाज तैनात हैं। भारतीय नौसेना ने राहत सामग्री और चिकित्सा दलों के साथ तीन जहाजों को भी तैनात किया है ताकि वह बचाव अभियान शुरू कर सके। 17 जगह पर स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। 

पीएम ने दिया हर संभव मदद का भरोसा
 राजस्थान के करौली-धौलपुर में रैली के लिए पहुंचे पीएम मोदी ने फानी का भी जिक्र किया। कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित राज्यों की सरकारों के साथ लगातार संपर्क में है और एक दिन पहले ही इसके लिए 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी की जा चुकी है।

बंगाल में भी व्यापक असर 
फानी का पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में व्यापक असर देखा गया। आंधी के चलते 185 मकानों के क्षतिग्रस्त हुए। नौ घायल हुए। शासन ने स्पष्ट किया कि मनाही के बावजूद समुद्र में जाने वाले मछुआरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। लगातार माइकिंग की जा रही है। नदियों में नावों के आवागमन पर रोक है। हल्दिया बंदरगाह से करीब 15 नॉटिकल मील (करीब 28 किमी) दूर स्थित बंदरगाह में माल चढ़ाने और उतारने का कार्य बुधवार से स्थगित है। वहीं राज्य में एक व्यक्ति के मारे जाने की भी सूचना है।

बिहार में तीन मरे
उत्तर बिहार के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को चक्रवात फणि के प्रभाव से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। कई जगह पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। बिजली ठप हो गई। घरों के छप्पर उड़ गए। ठनका गिरने से पश्चिम चंपारण में दो लोगों की मौत हो गई।

दो दशकों में ओडिशा में चक्रवात 
29 अक्टूबर 1999 : महाचक्रवात
4 अक्टूबर 2013 : फेलिन
12 अक्टूबर 2014 : हुदहुद
10 अक्टूबर 2018 : तितली

फानी  का असर
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार में झारखंड में अपनी सभी तीन रैलियों को रद किया।
-बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी आज होने वाली अपनी सभी रैलियों को रद किया।
-बंगाल में फानी के मद्देनजर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर आयोग ने मांगी रिपोर्ट।
-हजारों पेड़ धराशायी, 11 लाख को प्रभावित क्षेत्रों से हटाया।
-220 से अधिक ट्रेनें व भुवनेश्वर से सारी उड़ानें रद, कोलकाता एयरपोर्ट भी बंद।
-प्रभावित राज्यों को केंद्र ने दी 1000 करोड़ की मदद।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button