Latestअंतरराष्ट्रीयभोपालराज्य

पुलवामा हमले से गुस्से में देश, 40 से अधिक जवान शहीद, पीएम मोदी ने कहा-शहादत बेकार नहीं जाएगी

नई दिल्ली. कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने निंदा की है। मोदी ने कहा कि पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हमला घृणित है। जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।

70 गाड़ियों के काफिले पर कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने फिदायीन हमला

जम्मू से श्रीनगर जा रही सीआरपीएफ की 70 गाड़ियों के काफिले पर कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने फिदायीन हमला कर दिया। जम्मू-कश्मीर सरकार के सलाहकार के विजयकुमार ने बताया कि हमले में 40 जवान शहीद हो गए, कई घायल हैं। इस काफिले में 2500 जवान शामिल थे। जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली है। विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए अब तक का सबसे बड़ा हमला है। इससे पहले अक्टूबर 2001 में कश्मीर विधानसभा और जनवरी 2004 में सुरक्षा बलों के काफिले पर भी इसी तरह हमला हुआ था। विधानसभा पर हमले में 38 मौतें हुई थीं।

पूरा देश जवानों के परिवार के साथ खड़ा है

प्रधानमंत्री मोदी ने हमले को लेकर गृह मंत्री राजनाथ सिंह, सीआरपीएफ के अफसरों, सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी बातचीत की।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। शहीदों के परिवार के साथ संवेदनाएं और प्रार्थनाएं।

पूरा देश इस आतंकी गतिविधि के खिलाफ खड़ा है। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा, “पुलवामा में सीआरपीएफ की टोली पर हुए कायराना आतंकवादी हमले कि कड़ी निंदा करता हूं। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दुख की इस घड़ी में सारा देश परिजनों के साथ है। ईश्वर परिजनों को धैर्य दें और घायल जवानों को शीघ्र स्वस्थ करें।” राहुल गांधी ने कहा, “सीआरपीएफ पर हमले से काफी निराश हूं। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिवार के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।” अरुण जेटली ने कहा, ”जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों का हमला कायराना है।

देश शहीदों के साथ खड़ा है। हम जल्द घायलों के ठीक होने की कामना करता हूं। उनके इस कृत्य के लिए ऐसा सबक दिया जाएगा, जिसे वे कभी न भूल सकें।” गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- पुलवामा में सीआरपीएफ पर हमला बेहद दर्दनाक और परेशान करने वाली घटना है। जिन जवानों ने देश के लिए बलिदान दिया है, मैं उन्हें नमन करता हूं। प्रियंका गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द की। उन्होंने पुलवामा हमले पर कहा, “जवानों की शहादत से दुखी हूं। सरकार आतंकी हमले को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए। पूरा देश शहीदों के साथ है। मेरी संवेदना शहीदों के परिवारों के साथ। उनका दुख समझती हूं। परिवार के सदस्य को खोने का दर्द समझती हूं।”

Show More

Related Articles

Back to top button