शिवपुरी : एसएएफ बैरक में घुसे मगरमच्छ ने आरक्षक पर किया हमला

शिवपुरी। पोहरी बायपास पर सोमवार की रात स्थित एसएएफ बैरक में एक चार फीट का मगरमच्छ घुस गया। उसने चीता स्क्वॉड में पदस्थ आरक्षक के हाथ को जबड़े में दबा लिया। बमुश्किल आरक्षक के साथियों ने हाथ छुड़वाया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू कर उसे पकड़कर चांदपाठा झील में छोड़ दिया।
पुलिस लाइन में स्थित एसएएफ बैरक के आसपास रात करीब 11 बजे एक टैक्सी चालक ने 4 फीट लंबे मगर को घूमते हुए देखा। इसकी सूचना तुरंत ही टैक्सी चालक ने डायल 100 को दी। इसी दौरान चीता पुलिस को भी मौके पर बुला लिया, जिसमें पदस्थ आरक्षक दीपक चौहान और अन्य पुलिसकर्मियों ने मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ बैरक में घुस गया, जहां एसएएफकर्मी सो रहे थे।
पुलिसकर्मियों ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए डंडे और रस्सी का प्रयोग किया, तभी मगर ने आरक्षक दीपक चौहान का हाथ अपने जबड़े में दबा लिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दीपक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार हुआ।




