
न्यूज डेस्क। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो ने भी हार के कारणों का पता लगाने की कोशिश की है. बसपा सुप्रीमो ने इसके लिए मध्य प्रदेश में कुछ ‘दूत’ भी भेजे हैं
मध्य प्रदेश में हार और जीत को लेकर सियासी पार्टियां अभी भी जुटी हुई हैं. इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो ने भी हार के कारणों का पता लगाने की कोशिश की है. बसपा सुप्रीमो ने इसके लिए मध्य प्रदेश में कुछ ‘दूत’ भी भेजे हैं जो कारणों का पता लगाकार पार्टी आलाकमान को बताएंगे.
जिन लोगों को मध्य प्रदेश भेजा गया है उनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजी गौतम प्रदेश के हर जोन में जाकर छोटे-बड़े अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर कारण खोजेंगे. दरअसल, मायावती मध्य प्रदेश में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर पहले ही रिपोर्ट मंगा चुकी हैं और अब निचले स्तर पर रामजी गौतम पूरी जानकारी जुटाएंगे.
बता दें कि मध्य प्रदेश में बसपा के इस प्रदर्शन के बाद पार्टी में कलह सामने आई थी और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व विधायक दल के नेता सत्यप्रकाश सखवार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने मायावती को लिखे अपने पत्र में कहा था कि वे पार्टी की नीतियों से दुखी होकर इस्तीफा दे रहे हैं.
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में बसपा को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली है. भिंड में संजीव सिंह बड़े वोटो के अंतर से जीते हैं तो वहीं पथरिया से रामबाईट गोविंद सिह ने 2205 वोटो से जीत हासिल की है. इस बार बीएसपी के वोट शेयर की बात करें तो प्रदेश की सभी पार्टियों में चौथे नंबर पर उनको वोट मिले. लेकिन पिछली बार से इनका वोट शेयर गिर गया और सिर्फ 5.01% वोट ही बीएसपी इस बार अपनी ओर खींच पाई. जबकि 2013 विधानसभा चुनाव में बीएसपी को 6.29 प्रतिशत वोट मिले थे.



