राज्य

इंडिया CHEM -2026 मुख्यमंत्री की घोषणा

मध्यप्रदेश को पेट्रोकेमिकल उद्योग का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। बीना में 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना से प्लास्टिक, पैकेजिंग, फार्मा, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बीना में बनेगी पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री !

50 हजार करोड़ की पेट्रोकेमिकल परियोजना

हर साल 22 लाख टन से अधिक उत्पादन का लक्ष्य

प्लास्टिक, पैकेजिंग और फार्मा उद्योग को बढ़ावा

टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी फायदा

मुंबई के इंडिया केम-2026 में MP ने रखे निवेश अवसर

मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए पेट्रोकेमिकल सेक्टर पर खास जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई में आयोजित इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक अधोसंरचना और सरकार की नीतियों को निवेशकों के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीना में 50 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना से प्रतिवर्ष 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होने की उम्मीद है। इससे प्लास्टिक, पैकेजिंग, फार्मा, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल उद्योगों को जरूरी कच्चा माल उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए रायसेन जिले के तामोट में 121 एकड़ और ग्वालियर के बिलोवा में 93 एकड़ क्षेत्र में विकसित अत्याधुनिक प्लास्टिक पार्कों का भी उल्लेख किया। इन पार्कों के जरिए प्लास्टिक आधारित उद्योगों और उनसे जुड़ी उत्पादन इकाइयों को बढ़ावा देने की योजना है। तीन दिवसीय इंडिया केम-2026 सम्मेलन में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की संभावनाएं रखी गईं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल भी मौजूद रहे।