अशोकनगर में 2 घरों में हुई चोरी,सोना चांदी सहित उड़ा ले गए नगदी
अशोकनगर में 2 घरों में हुई चोरी,सोना चांदी सहित उड़ा ले गए नगदी
अशोकनगर। चंदेरी थाने के ग्राम किर्राया में बुधवार-गुरुवार की रात अज्ञात बदमाश दो घरों में घुसकर करीब 2 लाख 60 हजार रुपए कैश और 3 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। वारदात के समय दोनों घरों में परिजन सो रहे थे, लेकिन किसी को पता नहीं चला। ये दोनों घर चाचा-भतीजे के हैं।
चंदेरी के टीआई दीपक यादव के मुताबिक यह वारदात किर्राया निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह परमार और उसके चाचा बृजभान सिंह परमार के घर हुई। इन घरों में कीमती सामान दूसरे कमरों में ताला लगाकर रखा हुआ था, जबकि परिजन अन्य कमरों में सोते हैं। अज्ञात बदमाश इन दोनों घरों में चारदिवारी फांदकर घुसे।
फिर कमरों के ताले तोड़कर कैश और जेवर चुरा लिए। सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिजन रोज की तरह उठे, तब सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला। वीरेंद्र प्रताप सिंह परमार के मुताबिक उनके घर से 2 लाख 20 हजार रुपए कैश, करीब साढ़े छह तोला सोने के जेवर और डेढ़ किलो चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। वहीं वीरेंद्र के चाचा बृजभान के मुताबिक उनके घर से 40 हजार रुपए कैश, तीन तोला सोने के जेवर चोरी हुए हैं।




