मृत्यु के 3 माह बाद खुलासा, मौत से पहले हुआ नाबालिग के साथ दुष्कर्म
*तीन माह पहले फांसी पर झूली नाबालिग की मौत का हुआ खुलासा,फांसी से पहले हुआ था लड़की के साथ दुष्कर्म*
भोपाल। तीन माह पहले एक 13 वर्षीय किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। हाल ही में मिली एफएसएल रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया था। रिपोर्ट के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किशोरी के साथ ज्यादती करने और खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। घटना 26 नवंबर 2018 को रातीबड़ इलाके में हुई थी।
रातीबड़ थाना प्रभारी सुनील भदौरिया ने बताया कि नीलबड़ के पास रहने वाली किशोरी सातवीं में पढ़ती थी। 26 नवंबर को सुबह उसके माता-पिता मजदूरी करने व बड़ा भाई जेसीबी चलाने चला गया था। दोपहर करीब 1.30 बजे लोगों ने किशोरी को घर में फांसी पर लटके देखा था। मौके से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था।

पूछताछ में परिजनों ने भी ऐसा कुछ नहीं बताया था, जिससे खुदकुशी की वजह स्पष्ट हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगने से बताई गई थी। पुलिस मामले की जांच करते हुए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। हाल ही में किशोरी की एफएसएल रिपोर्ट मिली। उसमें किशोरी के शरीर में शुक्राणु मिले। इस आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म करने, खुदकुशी के लिए उकसाने और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पढ़ाई में तेज थी, स्कूल बदलने के बाद मायूस थी।
टीआई भदौरिया के मुताबिक छात्रा पढ़ने में काफी तेज थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पिता ने उसका स्कूल बदलवा दिया था। इसके बाद से वह मायूस हो गई थी। मामले में पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। आरोपित के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

