Latestराष्ट्रीय

रविवार को देश में आए 93 हजार से अधिक मामले, 513 की मौत, तीन राज्‍यों में हालत सबसे खराब

Corona News 4 April : कोरोना महामारी के चलते हालात दिन प्रतिदिन गंभीर ही होते जा रहे हैं। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं और मरने वालों का आंकड़ा भी कम नहीं हो रहा है। महाराष्ट्र और पंजाब समेत कुछ राज्यों में संक्रमण की तेज रफ्तार के चलते रविवार को 93 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और पांच सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले भी सात लाख के करीब पहुंच गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटों में 93,249 नए मामले पाए गए, जिनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 49,447, छत्तीसगढ़ में 5,818 और कर्नाटक में 4373 मामले हैं। इस दौरान 60,048 और मरीज संक्रमण से मुक्त हुए और 513 लोगों की मौत हो गई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 277, पंजाब में 49, छत्तीसगढ़ में 36, कर्नाटक में 19, मध्य प्रदेश में 15 और उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में 14-14 मौतें शामिल हैं। दो हफ्ते पहले तक महाराष्ट्र को छोड़कर अन्य राज्यों में दैनिक मृतकों का आंकड़ा 10 से नीचे पहुंच गया था। मंत्रालय के मुताबिक कुल संक्रमितों का आंकड़ा सवा करोड़ (1,24,85,509) के करीब पहुंच गया है। वर्तमान समय में सक्रिय मामले 6,91,597 हैं, जो कुल संक्रमितों का 5.54 फीसद है। इनमें से महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और पंजाब में ही 76.41 फीसद सक्रिय मामले हैं। इनमें से भी अकेले महाराष्ट्र में ही 58.19 फीसद यानी आधे से ज्यादा सक्रिय केस हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button