Google मैप लाया ऑटो रिक्शा मोड, देख सकेंगे रूट और किराया

मल्टीमीडिया डेस्क। अगर आप भी अपने शहर में ऑटो रिक्शा से आना-जाना करते हैं तो गूगल मैप अब आपके लिए और भी मददगार साबित होगा। दरअसल, आजकल किसी भी जगह तक पहुंचने के लिए युवा गूगल मैप की मदद लेते हैं।
अब तक गूगल मैप केवल कार, बस, बाइक और पैदल मंजिल तक पहुंचने का रास्ता दिखाता था। लेकिन अब यह यूजर को ऑटो रिक्शा का भी रास्ता दिखाएगा।

खबरों के अनुसार गूगल ने अपने मैप में नया अपडेट दिया है और इसके बाद इसमें ऑटो रिक्शा मोड भी नजर आएगा। इस मोड के माध्यम से यूजर किसी भी जगह पहुंचने के लिए ऑटो रिक्शा का रूट और किराया देख सकेंगे। दिल्ली में तो यूजर्स के लिए यह अपडेट सोमवार से जारी भी हो गया है।

इसे यूज करने के लिए यूजर को मोड ऑफ ट्रांसपोर्ट सिलेक्ट करना होगा। इसके बाद उसे अपनी मंजिल तक पहुंचने के रास्तों के अलावा ऑटो रिक्शा के किराए की जानकारी भी मिल जाएगी। यह किराया उस शहर ट्रैफिक पुलिस द्वारा शेयर किया गया आधिकारिक किराया होगा।

इस फीचर को कंपनी ने सोमवार को जारी किया है और इसके बाद यूजर्स को ऑटो रिक्शा में यात्रा करने में ज्यादा आसानी होगी।