शिवपुरी

नवागत कलेक्टर गन्दगी देख बिफरीं, लगाई फटकार, लंबित मामलों पर भी जताई नाराजगी

शिवपुरी। हाल ही में शिवपुरी कलेक्टर के पद पर पदस्थ की गईं आईएएस शिल्पा गुप्ता सोमवार को शिवपुरी पहुंचीं। कलेक्टर की कुर्सी संभालने से पहले गुप्ता सीधे शहर के प्राचीन मां राज राजेश्वरी मंदिर और सिद्घेश्वर मंदिर पहुंचीं और दर्शन किए। सिद्घेश्वर मंदिर पर कलेक्टर जब दर्शन कर बाहर लौटीं तो परिसर में व्याप्त गंदगी को देखकर नाराजगी जताई। आनन फानन में नपा के अमले ने यहां सफाई शुरू कर दी। इसके बाद कलेक्टर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और निवर्तमान कलेक्टर तरुण राठी से चार्ज ग्रहण किया। कुछ देर कार्यालय के कर्मचारियों से परिचय के बाद कलेक्टर गुप्ता परिसर में संचालित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण करने जा पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ एडीएम एके रोहतगी व सीईओ जिला पंचायत राजेश जैन भी मौजूद थे। कलेक्टर डीईओ कार्यालय पहुंचीं, यहां कक्षों में धूल देखकर अप्रसन्नता जाहिर की। इसके अलावा कुछ कक्षों में रखे कंप्यूटर सेट भी बंद थे, इस पर भी नाराजगी जताई।

आप तो महिला हैं, कम से कम सफाई का तो ध्यान रखिए

कलेक्टर जब डीईओ कार्यालय पहुंचीं तो यहां के कंप्यूटर कक्ष में मौजूद महिला लिपिक से कक्ष में धूल व गंदगी देखकर कहा कि आप यहां बैठकर काम करती हैं। कम से कम सफाई का ध्यान रखा कीजिए, क्योंकि आप तो एक महिला हैं। इस दौरान कलेक्टर ने कक्ष की छत पर नजर दौड़ाई तो सीलिंग एक जगह से टूटी हुई थी। उन्होंने महिला लिपिक से पूछा तो उसने बताया कि इसमें कबूतर ने घोंसला बना रखा था और कबूतर ने ही सीलिंग डैमेज कर दी।

सुपरिंटेंडेंट ऑफिस में कर्मचारी ने रखी अलमारी की मांग

कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद अधीक्षक कार्यालय में गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान रिकार्ड की जानकारी ली। इस दौरान फाइलें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। वहां मौजूद कर्मचारी ने अपनी व्यथा नव पदस्थ कलेक्टर के सामने रखी और कहा कि यहां काम अधिक है। इसलिए उन्हें एक सहायक उपलब्ध कराया जाए, साथ ही रिकॉर्ड व जरूरी कागजात रखने के लिए अलमारी भी मुहैया कराई जाए।

एक क्लिक पर मिलनी चाहिए स्कूलों व प्राचार्यों की जानकारी

शिक्षा विभाग में कलेक्टर ने जिले में संचालित हाईस्कूल व हायर सेकंडरी स्कूलों के अलावा उन्नयित स्कूलों की जानकारी मांगी तो मौजूद लिपिक जानकारी नहीं दे पाया। कलेक्टर ने कहा कि आपके पास जिले के स्कूलों, बच्चों व वहां पदस्थ प्राचार्यों का रिकॉर्ड तो ऐसा होना चाहिए कि एक क्लिक पर उपलब्घ हो सके।

लंबित प्रकरणों पर जताई नाराजगी

कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली, जिस पर तैनात कर्मचारी ने बताया कि 1300 प्रकरण पेंडिंग हैं, जबकि अधिकारी ने बताया कि 700 प्रकरण पेंडिंग हैं। कलेक्टर ने नाराजगी जताई और कहा कि पेंडिंग प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि पेंडिंग प्रकरणों की जल्द समीक्षा कर उनका निराकरण किया जाए।

डाक की आवक-जावक कैसे होती है

कलेक्टर ने आवक जावक शाखा में आने वाले पत्रों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वहां आने वाले पत्रों की पंजी रजिस्टर भी देखे और पत्रों को सही ढंग से रखने के निर्देश दिए। बिलों की पेंडिंग को देखकर भी उन्होंने दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों की ली बैठक

चार्ज लेने के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ बैठक ली और कहा कि सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के प्रकरणों को गंभीरता से लें, जिससे आम हितग्राहियों को परेशानी न हो। अधिकारियों से गेहूं खरीदी की जानकारी भी अधिकारियों से ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 1 लाख 23 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है। अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश भी बैठक के दौरान कलेक्टर ने दिए।

Show More

Related Articles

Back to top button