मंडी विशेष

घरेलू लड़ाई-झगड़े के 95 फीसदी केस में व्हॉट्सऐप, फेसबुक कारण

भोपाल। फेसबुक, व्हॉट्सऐप व अन्य सोशल साइट्स यूं तो सुख-दुख बांटने का जरिया हैं लेकिन अब ये साइट्स अपनों में कलह की वजह बन रही है। परिवार टूट रहे हैं। महिला थाने के परिवार परामर्श केंद्र में घरेलू विवाद के आने वाले मामलों में 95 फीसदी की वजह सोशल मीडिया है। इनमें पत्नी का व्हॉट्सऐप पर चैटिंग करना, फेसबुक पर समय बिताना पति को अच्छा नहीं लगता तो पत्नी को पति का फेसबुक में महिलाओं से बात करना और व्हॉट्सऐप पर चेटिंग करना।

इंटरनेट चलाने की लत इतनी ज्यादा है कि पति पत्नी एक-दूसरे को समय ही नहीं दे पाते। इसके कारण विवाद बढ़ते हैं और कोर्ट-कचहरी तक पहुंच जाते हैं। यह तथ्य मप्र के भोपाल में महिला थाने के परामर्श केंद्र में आने वाले मामलों के विश्लेषण में सामने आए।

फेसबुक फोटो से तलाक की नौबत 

केस 1- रीना (बदला नाम), उम्र-26 साल। एक बैंक में काम करती हैं। उनकी साल भर पहले दीपक (बदला नाम) नामक युवक से शादी हुई। दोनों में सबकुछ बहुत अच्छा चल रहा था। रीना ने अपनी एक पुरानी फोटो फेसबुक पर डाली। फोटो में वह कुछ लड़कियों के साथ ड्रिंक करते दिख रही हैं। पति दीपक यह फोटो देख गुस्सा हो गया। दीपक को शक हुआ कि रीना शराब पीती है। दोनों में विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी शिकायत लेकर 28 जून को महिला थाने पहुंची। बात तलाक तक पहुंच गई। काउंसलर ने दोनों को समझाया तो विवाद कुछ कम हुआ।

वाट्सएप के चलते विवाद

केस 2- 27 साल की फरहाना (बदला नाम) की दो साल पहले ही यूसुफ (परिवर्तित नाम) से शादी हुई। फरहाना को व्हॉट्सऐप चलाने का शौक था, पर पति को यह नागवार गुजरता था। पति ने कई बार फरहाना को ऐसे लोगों से चैटिंग करने से मना किया जिन्हें वह नहीं जानता। फरहाना मानने को तैयार नहीं हुई। इसके चलते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट होने लगी। फरहाना ने दो महीने पहले गौरवी केंद्र में पति के खिलाफ शिकायत की।

पहले छुपाते हैं

परामर्श केंद्र की मुख्य सलाहकार मोहिब अहमद का कहना है कि यहां आने वाले कई मामलों में पति-पत्नी द्वारा कई बातें छुपाई जाती हैं। ऐसे में बॉडी लैंग्वेज से से पता चल जाता है सामने वाला सही बोल रहा है या नहीं। उन्होंने बताया कि जिन मामलों में समझौता हो जाता है, उनमें 10 फीसदी ऐसे होते हैं जिनमें फिर विवाद हो जाता है। समझौता नहीं होने पर उन्हें कोर्ट भेज दिया जाता है। मोहिब के अनुसार भोपाल में दो से तीन शादी के कारण होने वाले झगड़े भी सामने आते हैं। पति की कई शादियों से महिलाएं परेशान हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button