शादी टूटने की बात से रात 2बजे लड़की पहुंची तालाब के पास जान देने,पुलिस ने रोका*
*शादी टूटने की बात से रात 2बजे लड़की पहुंची तालाब के पास जान देने,पुलिस ने रोका*

ग्वालियर। मंगेतर ने जब रिश्ता तोड़ दिया तो झांसी से आई युवती दुखी होकर रात 2 बजे खुदकुशी करने सागरताल पहुंच गई। वह कोई आत्मघाती कदम उठा पाती उससे पहले पुलिस अफसर की नजर उस पर पड़ गई।
उन्होंने तत्काल युवती को निगरानी में लेकर काउंसलिंग की। साथ ही मंगेतर को भी थाना बुलवाया। थाने में दोनों पक्षों को समझाकर सुलह कराई। साथ ही 19 फरवरी को शादी की डेट भी निकलवा दी। घटना शनिवार-रविवार दरमियानी रात बहोड़ापुर सागरताल की है।
झांसी निवासी 23 वर्षीय श्वेता (परिवर्तित नाम) का बहोड़ापुर शासकीय मल्टी में रहने वाले दिनेश कुमार (परिवर्तित नाम) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक साल पहले दोनों के परिवार वालों ने सगाई भी कर दी थी। उसके बाद युवती प्रेमी के साथ लिव इन रिलेशन में थी।
शनिवार को अवकाश होने पर युवती झांसी से ग्वालियर आई थी। रात को मंगेतर से झगड़ा हो गया, जिस पर मंगेतर ने रिश्ता तोड़ने की धमकी दी। इस बात से दुखी युवती रात 2 बजे खुदकुशी करने की धमकी देकर घर से निकल आई। पैदल-पैदल सागरताल पहुंची।
अभी वह कोई आत्मघाती कदम उठा पाती उससे पहले ही वहां से गुजर रहे बहोड़ापुर थाना में पदस्थ एएसआई अनिल जाट की नजर युवती पर पड़ी। उन्होंने तत्काल उसे रोका और समझाकर थाना पहुंचाया। तत्काल उसके मंगेतर को भी बुलवा लिया गया। दोनों के परिजन को भी बुलाया गया। पुलिस अफसरों ने दोनों पक्षों को समझाया। साथ ही लड़का-लड़की दोनों की काउंसलिंग की, जिस पर दोनों के बीच समझौता हुआ।
*19 फरवरी को करेंगे शादी*
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि वह अब नहीं लडेंगे। साथ ही 19 फरवरी को दोनों का विवाह होना भी तय हुआ, जिस पर पुलिस ने किसी भी पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।



