CCTV में संदेही आया नजर, NGO संचालक बोली रणजीत ने फेसबुक पर दी थी धमकी

ग्वालियर। ज्वाला शक्ति संगठन की संचालिका काजल जादौन को गोली मारने वाले युवक की दूसरे दिन स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस से मस्जिद पर लगे एक संदिग्ध युवक का धुधंला फुटेज अवश्य मिला है। इसके अलावा पुलिस ने होटल प्रभा इंटरनेशनल से गुरुवार की रात 9 से लेकर 10 बजे तक फुटेज मांगे हैं।
घायल काजल जादौन ने बताया कि मॉडल के साथ हुए दुष्कर्म के प्रयास के मामले में कुछ दिन पूर्व फेसबुक पर रणजीत सिंह जादौन ने अवश्य उसे धमकी दी। रणजीत जादौन सेना में बताया गया है। पुलिस उससे भी पूछताछ करेगी। दूसरी तरफ पीड़िता मॉडल का कहना है कि वह घायल को जानती तक नहीं है। उसे जबरन घसीटा जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सचाई का पता लगाए।
पंथ नगर में निवास करने वाले काजल जादौन ज्वाला शक्ति संगठन चलाती है। वर्तमान में बेटा बचाओ अभियान चला रहीं हैं। गुरुवार की रात को सवां नौ बजे के लगभग वह एक्टिवा से मॉडल के दुष्कर्म के प्रयास के मामले से जुड़े कुछ दस्तावेजों की फोटो कॉपी कराने व डॉग के लिए मार्केट से अंडे लेने के लिए घर से निकलीं थीं। तभी गणेश मंदिर के पास एक अपरिचित युवक ने उन्हें पता पूछने के बहाने रोका। और गोली मारकर भाग गया। गोली कमरे से लगने के बाद आरपार हो गई।
रणजीत जादौन ने दी थी फेसबुक पर धमकी-
काजल जादौन की गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले की पड़ताल कर रहे झांसी रोड थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि घायल ने अपने कथनों में बताया है कि कुछ दिन पहले मॉडल के साथ हुए दुष्कर्म के प्रयास के मामले में रणजीत जादौन ने फेसबुक पर दूर रहने के लिए धमकी दी थी। रणजीत जादौन के संबंध में पता चला है कि वह फौज में हैं। और उसकी पोस्टिंग जम्मू कश्मीर में है।
पुलिस उसके संबंध में जानकारी जुटा रही है। और जल्द ही पूछताछ के लिए रणणीत जादौन को बुलाएगी। पुलिस को घायल ने बताया कि गोली मारने वाले युवक की दाढ़ी थी। काजल जादौन ने पुलिस को बताया है कि गुरुवार की रात को ही भोपाल जाने वाली थी। जहां शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से मॉडल के दुष्कर्म के प्रयास के मामले में बड़ा खुलासा करने वाली थी। काजल जादौन ने संदेह जाताया है कि उन पर जानलेवा हमला मॉडल के प्रकरण को लेकर किया गया है।
किसी ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की-
पुलिस ने शुक्रवार को घटना की वास्तविकता का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। मस्जिद में रहने वाले व आसपास रहने वाले किसी व्यक्ति ने गोली चलने की आवाज सुनने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मस्जिद के फुटेज चेक किए हैं। इसमें एक संदिग्ध युवक नजर आया है। पुलिस फुटेज से संदेही युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि होटल प्रभा इंटरनेशनल के सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट संदेही का चेहरा मिल सकता है। पुलिस गोली चलने की घटना को लेकर उलझन में है।
पीड़ित मॉडल ने कहा, वह घायल महिला को पहचानती तक नहीं हैं- पीड़ित मॉडल का कहना है कि काजल जादौन से उसकी कभी बात नहीं हुई है। और नहीं उन्हें पहचान ही है। पहली बार उनका चेहरा आज समाचार पत्रों छपी खबर में देखा है। वह किसी रणजीत जादौन से भी परिचित नहीं है। उन्हें जबरन में इस मामले में उलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष जांच कर पता लगाना चाहिए कि गोली लगने के मामले में सचाई क्या है।




