
नई दिल्ली
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें उत्तर प्रदेश की 11 और गुजरात की चार लोकसभा सीटों के लिए नाम तय कर दिए गए हैं। इस लिस्ट से एक चीज यह भी साफ हो गई है कि रायबरेली से इस बार प्रियंका गांधी नहीं बल्कि सोनिया गांधी ही चुनाव लड़ेंगी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी एकबार फिर से अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे।
यूपी में समाजवादी पार्टी (एसपी) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के गठबंधन में कांग्रेस को शामिल किए जाने की चर्चाओं के बीच यह लिस्ट जारी करके कांग्रेस ने नया दांव चल दिया है। यूपी के लिए जारी लिस्ट में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं निर्मल खत्री, आर पी एन सिंह, सलमान खुर्शीद, इमरान मसूद, अनु टंडन, जितिन प्रसाद, सोनिया गांधी और खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम शामिल हैं।
एसपी-बीएसपी पर बढ़ेगा दबाव?
गुरुवार को ही खबरें आ रही थीं कि एसपी-बीएसपी कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल करने का विचार कर रही हैं। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि कांग्रेस को अमेठी-रायबरेली समेत कुल 15 सीटें दी जा सकती हैं। ऐसे में कांग्रेस ने 11 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान करके एसपी-बीएसपी पर दबाव बना दिया है। इन 11 उम्मीदवारों में ज्यादातर बड़े नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। यह भी कांग्रेस की एक सोची समझी रणनीति हो सकती है, जिसके तहत एसपी-बीएसपी को कम से कम इन सीटों पर झुकने पर मजबूर किया जा सके।



