पिता का आरोप झूठ बोल रही पुलिस थी हर पल की जानकारी – सतना किडनेपिंग मर्डर
*सतना में किडनैप हुए बच्चों के पिता बोले “झूठ बोल रही है पुलिस,इनको थी हर पल की जानकारी”*
सतना। चित्रकूट के आयुर्वेद तेल व्यापारी ब्रजेश रावत ने अपने बच्चों के अपहरण और हत्या में कई बड़े लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फिरौती की रकम मांगने की जानकारी उप्र और मप्र पुलिस को थी। मप्र पुलिस का यह कहना झूठ है कि उसे फिरौती की जानकारी नहीं थी। मेरे फोन सर्विलांस पर लगे थे। मेरी किससे बात हो रही है, इसकी जानकारी आईजी, एसपी, डीआईजी के पास पहुंच रही थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से गुहार लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। 12 फरवरी को ब्रजेश के जुड़वां बेटों प्रियांश और श्रेयांश (5) का अपहरण किया गया था। शनिवार देर रात दोनों के शव उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू के पास यमुना नदी से बरामद किए थे। –

*हत्याकांड के विरोध में बंद रहा सतना, निकाला मौन जुलूस*
हत्या के विरोध में सोमवार को सतना के बाजार बंद रहे। भाजपा ने मौन जुलूस निकाला। जुलूस में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। शिवराज ने कहा कि मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रस्तुत कर उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाए। सरकार तबादला उद्योग बंद कर आम जनता की सुरक्षा के इंतजाम करें।
*पकड़े गए आरोपित मात्र मोहरे*
ब्रजेश का यह भी आरोप है कि घटना में किसी बड़े आदमी का हाथ है। मामले में कई बड़े लोगों के नाम उजागर होंगे। जो आरोपित पकड़े गए हैं, वे मात्र मोहरे हैं।
*पिता को नौकरी से निकाला*
श्रीराम संस्कृत कॉलेज ने पद्म शुक्ला के पिता रामकरण को निष्कासित कर दिया है। महात्मा गांधी ग्रामोदय विवि ने आरोपित छात्रों को निष्कासित कर दिया है।
*सीएम ने डीजीपी से मांगी 12 दिन की जानकारी*
मामले में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पुलिस महानिदेशक वीके सिंह से 12 दिन में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई तलब की है। अगर किसी भी पुलिस अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस बीच शासन ने एसटीएफ का संभागीय कार्यालय सतना में खोलने का फैसला किया है।




