Latest

तंत्र-मंत्र से समस्या दूर करने झांसा देकर तांत्रिक करता रहा महिला का शारीरिक शोषण

इंदौर। दो जहान का मालिक बनाने का झांसा देकर एक तांत्रिक ने महिला से लाखों रुपए की ठगी की। उसके पति को तंत्र क्रिया सीखने के बहाने शहर से बाहर भेज दिया और महिला के दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर दो वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अमीर बनाने, सट्टा पर्ची का नंबर बताने और सभी समस्या दूर करने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।

एमआईजी पुलिस ने सोमवार शाम नेहरू नगर निवासी महिला की शिकायत पर जगदीश निवासी महेश्वर के खिलाफ धोखाधड़ी और दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। टीआई तहजीब काजी के अनुसार पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि वह मूलतः गुना की रहने वाली है। शादी के बाद पति के साथ इंदौर में रहने लगी थी। पारिवारिक और आर्थिक समस्या की वजह से वह दो साल पहले आरोपित से मिले थे।

आरोपित ने तंत्र-मंत्र से समस्या दूर करने का झांसा देकर लाखों रुपए ठग लिए। आरोपित खुद को तीन जहान का मालिक बताता था। कई जिन्नों को वश में करने का दावा करता था। चौकी पर बैठकर अपने मुंह से हजार और पांच सौ के नोट उड़ाता था। झांसे में आकर महिला ने अपने जेवर उसे दे दिए। तांत्रिक ने पहले उसका मकान गिरवी रखवाया और बाद में उसे बेच कर रुपए अपने पास रख लिए।

महिला ने पुलिस को बताया कि इसके बाद आरोपित ने पति को तंत्र सिखाने का वादा किया और शहर के बाहर भेज दिया। इसके बाद वह किराए के मकान में आने लगा। बच्चों पर तांत्रिक क्रिया करने का डर दिखाकर ज्यादती करने लगा। पुलिस को महिला ने बताया कि वह तीन महीने से आरोपित के खिलाफ शिकायत करने के लिए घूम रही थी। कई अधिकारियों को शिकायत की लेकिन किसी ने आरोपित के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। दो दिन पहले पीड़िता एमआईजी थाने पर शिकायत करने गई थी।

टीआई ने बताया कि महिला सहित दो लोगों ने तांत्रिक के खिलाफ शिकायत की है। पीयूष निवासी नेहरू नगर ने पुलिस को बताया कि सात साल पहले वह दोस्त के जरिए आरोपित से मिला था। आरोपित ने 15 दिनों में रुपए वापस करने का वादा करके 5 लाख रुपए ले लिए थे। यह रुपए उसने किसी जैकी नाम के युवक की शादी कराने के नाम पर ठगे थे।

पीयूष ने बताया कि आरोपित ने शहर के कई लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पहले महेश्वर की किसी दरगाह में रहता था। बाद में उसने नेहरू नगर में किराए का कमरा ले लिया और विज्ञापन और लोगों की मदद से अफवाह फैलाई कि वह सभी समस्याओं का समाधान करता है। इस वजह से लोग उससे जुड़ते गए और वह ठगी करता गया। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button