OMG: बेटे की चाह में दिया 10 बेटियों को जन्म, 11वीं बार में हुई हसरत पूरी

शिवपुरी। सरकार और सामाजिक स्तर पर भले ही बेटे-बेटी के भेद को खत्म करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं लेकिन समाज के एक बड़े वर्ग में आज भी बेटे को अहमियत देना जारी है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दो परिवारों की ऐसी ही कहानी है।
पोहरी के गूंगरीपुरा में रहने वाले विनोद शर्मा की पत्नी माया 11 बार गर्भवती हो चुकी हैं। इसमें से 10 बार बेटी को जन्म दिया। इनमें से दो बेटियों ने जन्म के बाद दम तोड़ दिया। बेटे की चाह में माया 11वीं बार गर्भवती हुई और 24 अप्रैल 2018 को बेटे को जन्म दिया। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य हैं। विनोद टीवी रिपेयरिंग का काम करता है।
दूसरे बेटे की चाह में 7 बेटियों का जन्म
अंचल में ऐसे भी कई मामले हैं, जहां बेटा होने के बावजूद एक और बेटे की चाहत में बेटियों को जन्म दिया गया है। जामखों निवासी राकेश गोस्वामी की पत्नी दुर्गेश ने पहली बेटी के बाद ही बेटे को जन्म दिया था, लेकिन एक और बेटे की चाह में राकेश की पत्नी ने 6 और बेटियों को जन्म दिया। अभी भी दूसरे बेटे की चाह बरकरार है। दुर्गेश ने 22 जून को ही बच्ची को जन्म दिया है।




