ग्वालियर के पास खड़े ट्रक से भिड़ी बस, एक की मौत,12 घायल

ग्वालियर। कोटा से ग्वालियर आ रही वीडियोकोच बस आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में एक युवक की बस और ट्रक के बीच में फंसकर कुचलने से मौत हो गई है। जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
जय श्रीनाथ ट्रेवल्स की वीडियोकोच बस क्रमांक आरजे20 पीबी-7777 मंगलवार रात को यात्रियों को लेकर कोटा से ग्वालियर के लिए रवाना हुई थी। सुबह 5 बजे के लगभग बस घाटीगांव के कनेहर झील इलाके में थी। बस चालक बस को रफ्तार में दौड़ा रहा था।
तभी आगे आए एक ट्रक को तेजी से ओवरटेक करने के प्रयास में चालक का बस की गति से नियंत्रण हट गया और बस बेकाबू होकर दूसरी तरफ सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। घटना के समय ट्रक में कोई नहीं था, लेकिन बस में आगे बैठे यात्री बस और ट्रक के बीच लोहे की चादर में फंस गए। घटना के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। ट्रक व बस के बीच में फंसने से एक युवक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। जबकि मृतक युवक के शव को बस की बॉडी से निकलवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसके पास से एक आईडी मिली है, जिसमें सोनू मेघवाल नाम लिखा है। इसी आधार पर उसकी शिनाख्त की जा रही है।
यह यात्री हुए घायल
घायल यात्रियों ने बताया जिस समय ट्रक से बस टकराई उस दौरान बस में सभी यात्री सोए हुए थे। तेज आवाज के साथ झटका लगा और अचानक ऐसा लगा कि कोई नहीं बचेगा। आगे जो यात्री बैठे थे उन्हें ज्यादा चोटें आईं हैं। हादसे में घायल होने वालों में दिलीप नागर निवासी कोटा, दिलीप की बहन राजेश नागर निवासी कोटा, विशाल मिश्रा, 10 साल की बच्ची पायल, त्रिलोक शर्मा निवासी कोटा, ईवा डेनियल निवासी श्योपुर, गौरावाई निवासी श्योपुर घायल हुए हैं, जिन्हें ग्वालियर के जेएएच ट्रॉमा सेंटर लाया गया है। अन्य घायलों को मौके पर ही उपचार के बाद रवाना कर दिया गया है।
दोपहर 2 बजे से था पेपर
घायल छात्र दिलीप नागर ने बताया कि वह कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। बुधवार दोपहर मुरार के बड़ागांव लक्ष्मी नारायण कॉलेज में उसका 2.30 बजे से पेपर था। उसने सोचा सुबह पहुंचकर आराम से परीक्षा दे देगा पर यह हादसा हो गया। दिलीप का पैर फैक्चर हुआ है।




