राज्यसभा चुनाव तारीख का ऐलान
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की एक खाली सीट पर उपचुनाव का ऐलान हो गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट के लिए चुनाव आयोग ने तारीखें तय कर दी हैं। 12 नवंबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना भी की जाएगी। अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि इस सीट पर किसे मौका मिलता है और प्रदेश की सियासत में इसे लेकर क्या समीकरण बनते हैं।

मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव का ऐलान
डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट
12 नवंबर को वोटिंग और काउंटिंग
26 अक्टूबर को जारी होगी अधिसूचना
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के ऐलान के साथ ही चुनावी प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। यह सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अब इस रिक्त सीट को भरने के लिए चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम जारी किया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव की अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 2 नवंबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवारों के पास 5 नवंबर तक नाम वापस लेने का मौका रहेगा। इसके बाद 12 नवंबर को मतदान कराया जाएगा और इसी दिन मतगणना भी होगी। यानी नवंबर के दूसरे सप्ताह में मध्यप्रदेश की इस राज्यसभा सीट को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी।

