किसानों पर विवादित बयान देकर घिरे BJP सांसद जनार्दन मिश्रा, बोले- 3 महीने मेहनत, 9 महीने ताश और नशे में बिताते हैं किसान
रीवा/मऊगंज। मध्यप्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मऊगंज जिले में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसानों की जीवनशैली और मेहनत को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। सांसद ने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलने और अन्य गतिविधियों में समय बिताते हैं। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में दिया बयान
दरअसल, मऊगंज जिले की रकरी ग्राम पंचायत स्थित कमल गौशाला में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा भी शामिल हुए थे। मंच से अपने संबोधन के दौरान सांसद खेती-किसानी में घटती आमदनी और मुनाफे को लेकर अपनी बात रख रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने आज के किसानों की तुलना पहले के किसानों से करते हुए कहा कि अब किसान पहले जैसे मेहनती नहीं रहे और आराम पसंद हो गए हैं। सांसद ने सवाल किया कि किसान साल में तीन महीने मेहनत करते हैं तो बाकी नौ महीने क्या करते हैं?
कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने जवाब दिया कि ताश खेलते हैं। इसके बाद सांसद ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि किसान बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और ‘जय भोले’ में समय बिताते हैं।
किसानों की मेहनत पर उठे सवाल
सांसद के इस बयान के सामने आने के बाद किसानों की मेहनत और उनकी दिनचर्या को लेकर बहस शुरू हो गई है। खेती-किसानी से जुड़े लोगों के बीच इस टिप्पणी को लेकर नाराजगी की चर्चा है।
किसानों की खेती केवल बुवाई और कटाई तक सीमित नहीं होती। खेत की तैयारी, बीज की व्यवस्था, खाद, सिंचाई, फसल की देखरेख, कीटों से बचाव और उपज को मंडी तक पहुंचाने जैसे काम पूरे साल चलते हैं। इसके अलावा मौसम की अनिश्चितता, फसल के उचित दाम और बढ़ती लागत जैसी चुनौतियां भी किसानों के सामने रहती हैं।
ऐसे में किसानों की सालभर की मेहनत को केवल तीन महीने तक सीमित बताने वाले बयान पर सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सांसद के संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इस पर प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। बयान को लेकर लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। खासकर किसानों की मेहनत और ग्रामीण जीवनशैली को लेकर की गई टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है।
पहले भी बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं जनार्दन मिश्रा
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा इससे पहले भी अपने सार्वजनिक बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। इस बार किसानों को लेकर की गई टिप्पणी ने उन्हें फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
फिलहाल उनका यह बयान राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बना हुआ है। इस मामले में सांसद की ओर से किसी स्पष्टीकरण या सफाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
