अशोकनगर मंडी में कलेक्टर का फूटा गुस्सा, बोले – “हिसाब दो, फालतू कहानी नहीं सुननी” video वायरल
अशोकनगर मंडी में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर मंडी सचिव को लगाई फटकार
किसानों की भीड़ और अनाज की बंपर आवक के बीच व्यवस्थाओं की खुली पोल, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का रिकॉर्ड नहीं मिलने पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
अशोकनगर। कृषि उपज मंडी में किसानों की बढ़ती भीड़ और अनाज की बंपर आवक के बीच व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर साकेत मालवीय उस समय नाराज हो गए, जब निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने मौके पर ही मंडी सचिव सहित संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और व्यवस्थाओं को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
निरीक्षण के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवक और जावक का तारीखवार रिकॉर्ड मांगा गया, लेकिन संबंधित अधिकारी इसका पूरा हिसाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर कलेक्टर ने मंडी सचिव प्रेम कुमार मीणा को किसानों और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में फटकार लगाई।
कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाली और फसल बेचकर बाहर जाने वाली ट्रॉलियों का पूरा रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी में आने वाले किसानों और उनकी उपज से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का सख्त रुख चर्चा का विषय बन गया। अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब मंडी में सामने आई अव्यवस्थाओं और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
मंडी हलचल | अशोकनगर

