इंदौर में 100 टन गोबर से बनेगा 25 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत, CM मोहन यादव करेंगे पूजन
इंदौर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर इंदौर के आशापुरा में इस बार भव्य आयोजन होने जा रहा है। यहां 100 टन गोबर से 25 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत तैयार किया जा रहा है। 9 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आशापुरा पहुंचकर गोवर्धन पर्वत और गोमाता का पूजन करेंगे। इस दौरान करीब 26 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की गई आशापुरा गोशाला का लोकार्पण भी करेंगे।

आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गोवंश को चारा खिलाने, गोमाता को 56 भोग अर्पित करने और गोशाला परिसर का भ्रमण करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। पूजन के बाद मुख्यमंत्री मंच से संबोधित भी करेंगे।
कलेक्टर शिवम वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आशापुरा पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
10 हजार गोवंश के रहने की होगी व्यवस्था
करीब 26 हेक्टेयर में विकसित हो रही आशापुरा गोशाला में फिलहाल लगभग 600 गोवंश मौजूद हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा के अनुसार, गोशाला का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भविष्य में यहां 10 हजार गोवंश के रहने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
गोशाला में बनेगा रिसर्च सेंटर
आशापुरा गोशाला को केवल गोवंश के आश्रय स्थल तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आने वाले समय में यहां रिसर्च सेंटर, गोवंश के उपचार और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
9 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होने वाला यह आयोजन गोवर्धन पूजा के साथ गोसेवा और गोवंश संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहेगा।
