मंडी विशेष

सोना 5 महीने के निचले स्तर पर, 10 ग्राम खरीद पर देने होंगे कम दाम

नई दिल्लीः सुस्त जेवराती मांग के बीच वैश्विक स्तर पर पीली धातु के पांच महीने के निचले स्तर तक उतरने से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 180 रुपए लुढ़ककर 20 सप्ताह के निचले स्तर 29,400 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोने में लगातार छठे दिन गिरावट देखी गई। इस दौरान इसके भाव 850 रुपए टूट चुके हैं। चांदी में लगातार दूसरे दिन नरमी रही। यह 25 रुपए की गिरावट के साथ पांच महीने के निचले स्तर के करीब 37,775 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।

वैश्विक स्तर पर पीली धातु में सोमवार को बड़ी गिरावट का असर आज स्थानीय बाजार पर देखा गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में गत दिवस सोना हाजिर 20 जुलाई के बाद के निचले स्तर 1,240.10 डॉलर प्रति औंस तक उतर गया था। हालांकि, आज कुछ वापसी करते हुए यह 1.30 डॉलर चढ़कर 1,243.85 डॉलर प्रति औंस पर रहा। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 4.80 डॉलर की तेजी में 1,253.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चांदी हाजिर 0.06 डॉलर की मजबूती के साथ 15.76 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *