प्रार्थना सभा करा रहे रोमन कैथोलिक पादरी की क्रॉस गिरने से मौत
इक्वाडोर में शाम की प्रार्थना सभा करा रहे एक रोमन कैथोलिक पादरी की मौत हो गई। यह घटना तब हुई, जब प्रार्थना सभा की लाइव-स्ट्रीमिंग के दौरान उन पर एक क्रूस (ईसा मसीह की प्रतिमा वाला क्रॉस) गिर गया। राजधानी क्विटो से 265 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित तटीय शहर गुआयाकिल के आर्चडायसीस (धार्मिक क्षेत्र) ने बताया कि मृतक पादरी का नाम पैट्रिसियो सांचेज था, जो परपेटुओ सोकोरो चर्च से जुड़े थे। दुनियाभर में इस हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है।

प्रार्थना सभा के फुटेज में दिख रहा है कि वेदी के ऊपर दीवार से एक भारी क्रूस अलग होकर गिरता है और प्रार्थना करा रहे सांचेज के सिर पर जा लगता है। ऐसे में वहां मौजूद लोग मदद के लिए चिल्लाने लगते हैं। सांचेज ‘कांग्रेगेशन ऑफ द मोस्ट होली रिडीमर’ नाम के रोमन कैथोलिक धार्मिक समूह से थे। इस समूह की स्थापना 1732 में हुई थी, जो दुनिया के 80 देशों में सक्रिय है। ग्वायाकिल की स्थानीय मीडिया ने बताया कि पादरी वेदी के पीछे खड़े होकर प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों से बात कर रहे थे। इसी बीच अचानक उनके ऊपर क्रूस आकर गिरा। क्रूस लगने से उनको गहरी चोट लगी और फिर वहदोबारा नहीं उठ सके। कई लोग उनकी मदद के लिए दौड़े और एंबुलेंस बुलाई। बचाव दल उनको लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह एक अजीब इत्तेफाक था कि हादसे से कुछ पल पहले ही पादरी ने मौत के बारे में बात की थी। अपने उपदेश के दौरान उन्होंने ईसा मसीह के वचनों का जिक्र किया और प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों से कहा कि वे अपना जीवन फोन पर स्क्रॉल करने में बर्बाद ना करें बल्कि अपना समय ईश्वर और अपने प्रियजनों को दें।
