PM मोदी से मिले विराट-अनुष्का, रिसेप्शन पार्टी के लिए किया आमंत्रित

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों ने प्रधानमंत्री को 21 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली रिसेप्शन पार्टी के लिए आमंत्रित किया है।
मोदी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर विराट-अनुष्का के साथ खींची गई फोटो शेयर की आैर दोनों को शादी की शुभकामनाएं दीं। विराट और अनुष्का शर्मा गत 11 दिसंबर को इटली में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी समारोह में दोनों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए थे। शादी की दूसरी रिसेप्शन पार्टी मुंबई में 26 दिसंबर को आयोजित की जाएगी, जहां टीम इंडिया के खिलाड़ियों और बॉलीवुड सितारों के शिरकत करने की उम्मीद है।
शादी के बाद विराट और अनुष्का शर्मा ने अपने टि्वटर अकाउंट पर शादी की तस्वीरें पोस्ट की थीं। विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज से आराम लेने का फैसला किया था जिसके बाद से यह माना जा रहा था कि उन्होंने अपनी शादी के लिए ऐसा किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी पिछले दिनों दोनों को शादी की शुभकामनाएं दी थी। इसके अलावा मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बधाई देते हुए लिखा था- विरुष्का’(विराट और अनुष्का के नाम का मिश्रण) एक साथ अछ्वुत दिखते हैं। हरभजन सिंह ने लिखा कि जुग-जुग जिए यह खूबसूरत जोड़ी..रब हमेशा खुश रखे।