शिवपुरी में स्वामित्व योजना का काम तेज, गांव-गांव पहुंचकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शिवपुरी में स्वामित्व योजना की समीक्षा तेज, गांवों में पहुंचकर अधिकारियों ने किया पंजीयन कार्य का निरीक्षण

शिवपुरी। ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाने के लिए जिले में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ई-केवाईसी और स्वामित्व रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान बैराड़ तहसील के ग्राम आंकुर्सी और गोवर्धन, पोहरी तहसील के ग्राम छर्च तथा बदरवास तहसील के ग्राम बिजरावन में स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों के दस्तावेजों और पंजीयन संबंधी प्रक्रियाओं की जांच कर पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनजातीय बस्ती में भी पहुंची राजस्व टीम
अभियान के तहत पोहरी तहसील के ग्राम महलौनी की जनजातीय बस्ती में भी विशेष कार्रवाई की गई। यहां ग्रामीणों के आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक कराने, ई-केवाईसी और स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने पर जोर दिया गया।
ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति का कानूनी अधिकार
स्वामित्व योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को अपनी संपत्ति के कानूनी स्वामित्व का प्रमाण मिलेगा। साथ ही संपत्ति से जुड़े विवादों के समाधान और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजना की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए राजस्व अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

