हरदीप सिंह पुरी ने MP से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन
हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन, सीएम मोहन यादव बोले- दिवाली से पहले मिला सांसद का तोहफा
भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। शनिवार को पुरी ने मध्यप्रदेश विधानसभा भवन पहुंचकर राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन के दौरान बीजेपी ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। वहीं, विरोध की आशंका के बीच युवा कांग्रेस के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद नामांकन को लेकर राजनीतिक माहौल चर्चा में आ गया।
गुरुद्वारे में मत्था टेककर नामांकन दाखिल करने पहुंचे पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे मध्यप्रदेश विधानसभा भवन पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका। इसके बाद करुणा धाम आश्रम पहुंचकर संत सुदेश शांडिल्य महाराज से आशीर्वाद लिया।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। विधायक सुरेंद्र पटवा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सीएम मोहन यादव ने बताया दिवाली का उपहार
नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति के निर्णय के बाद हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले मध्यप्रदेश को पुरी के रूप में एक सांसद का उपहार मिलने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पुरी के अनुभव और केंद्रीय मंत्री के रूप में मध्यप्रदेश को मिले सहयोग का उल्लेख करते हुए बीना रिफाइनरी, नागरिक उड्डयन, स्मार्ट सिटी, मेट्रो रेल, मेट्रोपॉलिटन सिटी और स्वच्छता अभियान जैसे क्षेत्रों में उनके योगदान की बात कही।

नामांकन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के दौरान विरोध की आशंका के बीच पुलिस ने युवा कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा रही।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पुरी के नेतृत्व और मध्यप्रदेश को केंद्र से मिले सहयोग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में रहते हुए पुरी का सहयोग प्रदेश को मिलता रहा है।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
दरअसल, मध्यप्रदेश की यह राज्यसभा सीट डॉ. एल. मुरुगन के 13 अक्टूबर को राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। अब इस सीट पर उपचुनाव के जरिए नए सदस्य का चयन होना है।
मंडी हलचल | भोपाल

