रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड: मुख्य आरोपी वरुण कुमार का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड: मुख्य आरोपी वरुण कुमार का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी और मृतक के केयरटेकर वरुण कुमार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, भोपाल लाते समय आरोपी ने पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम मंगलवार सुबह करीब 5 बजे आरोपी को लेकर भोपाल लौट रही थी। इसी दौरान मुगालिया छाप के पास आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गोली मारकर रोक लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार दिन तक चला अंडरकवर ऑपरेशन
आरोपी वरुण कुमार को पकड़ने के लिए भोपाल पुलिस ने आगरा में चार दिनों तक विशेष अंडरकवर ऑपरेशन चलाया। पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाकर आम लोगों के बीच रहकर आरोपी की तलाश की। कोई सब्जी बेचने वाला बना तो कोई रिक्शा चालक। कुछ पुलिसकर्मियों ने ठेला चलाया, जबकि अन्य कबाड़ बीनने वालों के बीच रहकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। इसी रणनीति के चलते पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
CM मोहन यादव का सख्त संदेश
इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई करेगी। सरकार का प्रयास रहेगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। यदि ऐसी घटनाएं होती हैं तो अपराधियों के साथ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
सरकार का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों को पकड़कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

