महापौर की अपील पानी बर्बाद किया तो कटेगा चालान
इंदौर में अब पानी की बर्बादी करना भारी पड़ सकता है ! घरों में जरूरत से ज्यादा पानी बहाया या पीने योग्य पानी का अनावश्यक इस्तेमाल किया, तो नगर निगम चलानी कार्रवाई करेगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निर्देश देते हुए कहा कि निगम पहले दो से तीन बार समझाइश देगा। इसके बाद भी अगर पानी की बर्बादी नहीं रुकी, चालानी कार्रवाई की जाएगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव खुद शहर की गलियों में पहुंचे और रहवासियों से पानी बचाने की अपील की।
इंदौर में पानी बर्बाद किया तो कटेगा चालान!
महापौर की अपील- पहले समझाइश फिर होगी कार्रवाई
जागरकता के लिए गली गली घूमे पुष्यमित्र भार्गव
दीपावली तक चलेगा जागरूकता अभियान
इंदौर में बारिश कम हुई और जलसंकट की संभावनाओं को देखते हुए महापौर और नगर निगम की टीम ने मैदान संभाल लिया है। शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम अब जागरूकता के साथ सख्ती की तैयारी में है। घरों में जरूरत से ज्यादा पानी बहाने और पीने योग्य पानी का अनावश्यक इस्तेमाल करने वालों को पहले दो-तीन बार समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी यदि पानी की बर्बादी नहीं रुकी तो वीडियो बनाकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।

इसी अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार को शहर की गलियों में पहुंचे और रहवासियों से पानी बचाने की अपील की। महापौर ने पार्श्वनाथ, विनय नगर, जैन कॉलोनी और लोकमान्य नगर में लोगों से बातचीत कर पानी का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने की समझाइश दी। महापौर ने लोगों को घरों में आरओ से निकलने वाले वेस्ट पानी को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी। इस पानी का उपयोग पौधों में डालने, गाड़ी धोने और कपड़े धोने जैसे कामों में किया जा सकता है!

