LatestNewsउज्जैन

आस्था भी अनूठी, परंपरा भी अनोखी! मन्नत पूरी करने के लिए गायों के पैरों तले लेटे ग्रामीण

उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में आस्था और परंपरा से जुड़ा एक अनोखा नजारा देखने को मिला। बड़नगर तहसील के तीन गांवों में गोवर्धन पूजा के अगले दिन ऐसी परंपरा निभाई गई, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां ग्रामीण अपनी मन्नत पूरी होने और सुख-समृद्धि की कामना के साथ सड़क पर मुंह के बल लेट गए और उनके ऊपर से सैकड़ों गायों को गुजारा गया।

ये तस्वीरें बड़नगर तहसील के भिड़ावद, लोहारिया और रावदिया गांवों की हैं। यहां वर्षों से गोवर्धन पूजा के अगले दिन सुहाग पड़वा पर यह परंपरा निभाई जाती है। आयोजन की शुरुआत सुबह गोमाता के पूजन के साथ हुई। इसके बाद मन्नत मांगने वाले ग्रामीण सड़क पर लेट गए। ढोल की आवाज के बीच सैकड़ों गायों को एक साथ छोड़ा गया। देखते ही देखते गायें सड़क पर लेटे ग्रामीणों के ऊपर से गुजरती हुई निकल गईं।

क्या है इस परंपरा के पीछे की मान्यता?

इसे भी पढ़ें  अधिवक्ताओं के लिए मंत्री राकेश सिंह का ऐलान, 10 लाख रुपये की घोषण

ग्रामीणों की मान्यता है कि गोमाता के पैरों के नीचे से गुजरने पर जीवन में सुख-समृद्धि आती है और मांगी गई मन्नत पूरी होती है। उनका विश्वास है कि गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है और गोमाता के पैरों का स्पर्श भगवान के आशीर्वाद के समान है।

इसी धार्मिक आस्था के चलते हर साल तीनों गांवों में यह आयोजन किया जाता है। इस बार भी एक दर्जन से अधिक युवकों ने मन्नत रखी और परंपरा के अनुसार गायों के पैरों के नीचे लेटे।

आस्था, विश्वास और वर्षों पुरानी ग्रामीण परंपरा से जुड़ा यह आयोजन एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया। इन गांवों में गोवर्धन पूजा के अगले दिन निभाई जाने वाली यह परंपरा स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण मान्यताओं की एक अनूठी झलक पेश करती है।

Mandi Halchal

मंडी हलचल (Mandi Halchal) एक हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहां पाठकों को देश-दुनिया, मध्यप्रदेश, राजनीति, मनोरंजन, शिक्षा, रोजगार, कृषि, मंडी भाव, व्यापार, खेल और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक सही जानकारी पहुंचाना है। मंडी हलचल – निष्पक्ष खबर, विश्वसनीय जानकारी।