ओरछा में सरकार! मुख्यमंत्री का देसी अंदाज, दोने में कलाकंद और कुल्हड़ में चाय
ओरछा। रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक बार फिर अनोखा अंदाज देखने को मिला। दीपावली से एक दिन पहले शनिवार को ओरछा पहुंचे मुख्यमंत्री कभी भक्ति में लीन नजर आए, तो कभी बुंदेली संस्कृति के रंग में रंगे दिखाई दिए। जमीन पर बैठकर भजन सुने, झांझर बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और दोने में कलाकंद खाते हुए कुल्हड़ की चाय का आनंद लिया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने हथेली पर लट्टू चलाकर लोगों को भी चौंका दिया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रामराजा सरकार मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में बुंदेली लोकगीतों का आनंद लिया और कलाकारों के साथ झांझर बजाकर लोक संस्कृति के प्रति अपनी रुचि दिखाई। उनका सहज अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके बाद मुख्यमंत्री प्रसाद की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने दोने में कलाकंद खाया और कुल्हड़ में चाय पी। इस दौरान दुकानदारों और आम लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। इसी बीच हाथ पर लट्टू चलाकर मुख्यमंत्री ने अपने देसी अंदाज से सभी का ध्यान खींचा।
मुख्यमंत्री ने लाला हरदौल बैठका पहुंचकर पूजा-अर्चना की और पुरातत्व उद्यान का निरीक्षण भी किया। इसके बाद श्रीरामराजा लोक के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
ओरछा में मुख्यमंत्री का यह दौरा भक्ति, बुंदेली संस्कृति और विकास कार्यों की समीक्षा का संगम नजर आया।
