2790 होमगार्ड जवानों को गृह जिले में मिलेगी पोस्टिंग
MP के 2790 होमगार्ड जवानों को दिवाली का तोहफा, 8 साल बाद अपने जिले में लौटने का मिलेगा मौका
भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने होमगार्ड जवानों को दिवाली पर बड़ी राहत दी है। राज्य शासन ने 2,790 होमगार्ड जवानों को उनके प्रथम नामांकित जिले में पदस्थापना पाने का अवसर देने का निर्णय लिया है। इसके लिए मध्यप्रदेश होमगार्ड नियम, 2016 के प्रावधानों में एक बार की विशेष छूट दी गई है।
क्यों दूसरे जिलों में करनी पड़ी थी ड्यूटी?
दरअसल, सिंहस्थ-2016 के बाद वर्ष 2018 में विशेष भर्ती के माध्यम से इन 2,790 होमगार्ड जवानों को संगठन में शामिल किया गया था। उस समय उनके प्रथम नामांकित जिलों में पद खाली नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे जिलों में तैनात कर दिया गया था। इसके बाद से जवान लंबे समय से अपने परिवार और गृह जिले से दूर सेवाएं दे रहे हैं।

ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा मौका
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के अनुसार, पात्र जवान निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित जिलों में उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर नियमानुसार पदस्थापना परिवर्तन की सूची जारी की जाएगी।
परिवार से दूर रहने की परेशानी होगी कम
सरकार के इस फैसले से उन जवानों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो वर्षों से अपने घर-परिवार से दूर दूसरे जिलों में ड्यूटी कर रहे हैं। गृह जिले में पदस्थापना मिलने से उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने में सुविधा होगी और अतिरिक्त आवागमन व रहने का खर्च भी कम हो सकेगा।
हालांकि, सभी जवानों की पदस्थापना उनके आवेदन और संबंधित जिलों में उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर ही होगी।
