मंडी विशेष

लहसुन चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

जावरा। कृषि उपज मंडी से 31 दिसंबर को किसान की 25 कट्टे लहसुन के चोरी होने के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई लहसुन एवं इसमें उपयोग किए गए पिकअप वाहन को जब्त किया। बदमाश मंडी प्रांगण से लहसुन भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चुराकर ले गए थे। वे खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली कॉलेज ग्राउंड के पास छोड़कर भाग गए थे।

यह जानकारी एसडीओपी डीआर माले, शहर थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने गुरूवार को शहर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि ग्राम बाराखेड़ा के जालमसिंह पिता अमरसिंह 29 दिसंबर को अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली (एमपी 13 एए 1813) में 25 कट्टे लहसुन के भरकर कृषि उपज मंडी में बेचने को आया था। मंडी में शाम 5 बजे तक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी हुई थी। 30 दिसंबर को लहसुन की नीलामी में ट्रॉली का नंबर नहीं आने के कारण जालमसिंह सुबह 10 बजे करीब घर लौट गया। 31 दिसंबर को सुबह 9 बजे गांव के मानसिंह ने उसे बताया कि ग्राम बाराखेड़ा लिखी स्वराज कंपनी की ट्रैक्टर-ट्रॉली भगतसिंह कॉलेज ग्राउंड में खड़ी है। इस पर वे दोनों कॉलेज ग्राउंड पहुंचे।

इसे भी पढ़ें  SBI के ग्राहकों के लिए अहम खबर, बैंक ने किया यह बड़ा बदलाव

जहां देखा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी लेकिन लहसुन के कट्टे नहीं थे। फरियादी ने शहर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्घ प्रकरण दर्ज कर तलाश की। टीआई शर्मा ने चोरी का पर्दाफाश करने के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दल का गठन किया। दल के सदस्य मामले की जांच कर रहे थे तब धानमंडी के सीसीटीवी फुटेज व शहर के मुख्य बाजारों में स्थित दुकानों के सीसीटीची फुटेज खंगाले। इसमें यह स्पष्ट हुआ कि फरियादी की ट्रैक्टर-ट्रॉली मय लहसुन के स्थानीय मंडी से 30 दिसंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे निकलकर रतलामी गेट ले जाते हुए दिखी। वहां से रेलवे फाटक होता हुआ कर्नावट परिसर तक पहुंचा। जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली को खाली कर भगतसिंह कॉलेज ग्राउंड में खड़ा किया। अज्ञात चोरों ने कर्नावट परिसर के सामने लहसुन खाली कर एक मैजिक वाहन में भरी। सूत्रों के आधार पर पुलिस दल मैजिक चालक की तलाश कर रहा था तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मंडी से लहसुन भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जो चोरी हुई है, उसमें बाराखेड़ा के 2 युवकों का हाथ है तथा जिस मैजिक वाहन से मंडी में लहसुन बेची गई, उसका चालक ग्राम सुजापुरा का है।

इसे भी पढ़ें  ट्रिपल तलाक - मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने PM मोदी को लिखा पत्र, कहा- वापस लें विधेयक

उक्त सूचना पर पुलिस दल ग्राम सुजापुरा पहुंचा। जहां मैजिक वाहन चालक सद्दाम पिता साहबुद्दीन शेख (22) को पकड़कर पूछताछ की। उसने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि लहसुन उसके मैजिक वाहन (एमपी 43 टी 0626) में ग्राम बाराखेड़ा के जितेंद्र व तुलसीराम ने 300 रुपए मजदूरी देकर लोड करवाई थी और लहसुन मंडी में मोहम्मद रईस की दुकान पर बेची। पुलिस ने जितेंद्र व तुलसीराम को पकड़ने के लिए ग्राम बाराखेड़ा में उनके घरों पर दबिश दी। जहां जितेंद्र घर पर ही मिल गया। इसे गिरफ्तार किया व जितेंद्र की निशानदेही पर तुलसीराम को भी आंटिया चौराहे के समीप से गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंडी व्यापारी मोहम्मद रईस की दुकान से चोरी के 25 कट्टे लहसुन के जब्त कर मोहम्मद रईस को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मैजिक वाहन चालक सद्दाम पिता साहबुद्दीन शेख (22) निवासी सुजापुरा, जितेंद्र पिता बगदीराम (30) निवासी बाराखेड़ा, तुलसीराम पिता बालु (60) निवासी बाराखेड़ा एवं लहसुन खरीदने वाले मोहम्मद रईस पिता अब्दुल करीम हम्माल (47) निवासी नानासाहब का मोहल्ला के विरूद्घ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने चोरी गए 25 लहसुन के कट्टे एवं घटना में प्रयुक्त मैजिक वाहन जब्त किया। टीआई शर्मा ने बताया कि आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेजा।

इसे भी पढ़ें  भावी पटवारी पास होते इससे पहले सर्वर ही फेल!

 

Mandi Halchal

मंडी हलचल (Mandi Halchal) एक हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहां पाठकों को देश-दुनिया, मध्यप्रदेश, राजनीति, मनोरंजन, शिक्षा, रोजगार, कृषि, मंडी भाव, व्यापार, खेल और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक सही जानकारी पहुंचाना है। मंडी हलचल – निष्पक्ष खबर, विश्वसनीय जानकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *