धनतेरस पर महाकाल दरबार में धन-समृद्धि की विशेष पूजा, कुबेर महाराज का हुआ आह्वान
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा महाकाल का पंचामृत और रुद्राभिषेक, चांदी के सिक्के अर्पित कर राष्ट्र एवं जनकल्याण की कामना
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाभिषेक, कुबेर महाराज का हुआ पूजन
उज्जैन। धनतेरस के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भक्ति और आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत बाबा महाकाल के विशेष अभिषेक और पूजन के साथ हुई। इस दौरान राष्ट्र कल्याण, आरोग्य, सुख-समृद्धि और सर्वजन मंगल की कामना से विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया।
शुक्रवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पुरोहित समिति की ओर से सबसे पहले भगवान गणेश और माता महालक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक और रुद्राभिषेक संपन्न हुआ।
महाकाल के साथ कुबेर महाराज का विशेष पूजन
धनतेरस के इस आयोजन का विशेष आकर्षण धन के देवता कुबेर महाराज का पूजन रहा। भगवान महाकाल के साथ कुबेर महाराज का आह्वान किया गया। इस अवसर पर बाबा महाकाल को चांदी का सिक्का अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर कुबेर पूजन सुख-समृद्धि और व्यापार में उन्नति की कामना से किया जाता है।

अधिकारियों ने किया अभिषेक और दीप प्रज्वलन
विशेष पूजन में उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और एएसपी मनस्वी शर्मा शामिल हुए। सभी ने भगवान महाकाल का अभिषेक-पूजन कर आरती की और दीप प्रज्वलित किए।

पूरे आयोजन को मंदिर पुरोहित समिति के अध्यक्ष पंडित लोकेन्द्र व्यास के नेतृत्व में 15 से अधिक पुरोहितों ने वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया।
देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
इस अवसर पर अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर उज्जैन सहित प्रदेश और देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही बाबा महाकाल से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
धनतेरस पर महाकाल के दरबार में हुए इस विशेष पूजन के साथ उज्जैन में दीपोत्सव का उल्लास और धार्मिक उत्साह देखने को मिला।
