सागर में पारिवारिक विवाद: जेठानी की मौत, 13 साल की बेटी गंभीर
सागर: पारिवारिक विवाद में खौफनाक वारदात, जेठानी की मौत, 13 साल की बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही
देवर से कथित संबंधों के शक ने बढ़ाया पारिवारिक विवाद, देवरानी पर मां-बेटी को आग लगाने का आरोप; आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजी गई।

मध्य प्रदेश के सागर जिले में पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में देवर और जेठानी के बीच कथित संबंधों के शक को लेकर हुए विवाद के बाद देवरानी पर अपनी जेठानी और उसकी 13 वर्षीय बेटी को आग लगाने का आरोप है। इस घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी का अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय गिरजा बाई ठाकुर और उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गई थीं। गिरजा बाई को करीब 90 प्रतिशत तक झुलसी हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर में भर्ती कराया गया था। जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, उनकी बेटी आयुषी करीब 75 प्रतिशत झुलसी है। उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पति रामराज ठाकुर ने पारिवारिक विवाद की वजह को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके चाचा के बेटे आकाश और उनकी पत्नी गिरजा बाई के बीच कथित संबंधों को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी शक और विवाद ने बाद में गंभीर रूप ले लिया।
आरोपी देवरानी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
घटना के बाद बीना थाना पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल इस घटना में एक महिला की जान जा चुकी है और 13 वर्षीय बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है। पारिवारिक विवाद में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
