LatestNews

रावलीकुडी के पास दिखा तेंदुआ, वन विभाग की त्वरित टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू


रावलीकुडी के समीप रेस्क्यू अभियान के दौरान तेंदुए को सुरक्षित पकड़ती वन विभाग की टीम।

रावलीकुडी के पास दिखा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

मंदसौर। ग्राम रावलीकुडी के समीप सोमवार सुबह तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की त्वरित रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे उपयुक्त प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:50 बजे वन विभाग को ग्राम रावलीकुडी के पास तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वनसंरक्षक उज्जैन वन वृत्त श्रीमती किरण बिसेन एवं वनमंडलाधिकारी मंदसौर श्री संजय रायखेरे के मार्गदर्शन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अधीक्षक गांधीसागर अभयारण्य श्री अमित राठौर के नेतृत्व में वन विभाग की त्वरित रेस्क्यू टीम, पशुचिकित्सक दल और पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा।

इसे भी पढ़ें  SBI का ग्राहकों को तोहफा, मिनिमम बैलेंस की सीमा घटाई

मौके पर पहुंची टीम ने सबसे पहले आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की। इसके बाद प्रशिक्षित रेस्क्यू दल ने पशुचिकित्सक की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए तेंदुए को ट्रेंकुलाइज किया। पूरी सतर्कता के साथ तेंदुए को सुरक्षित अपने नियंत्रण में लिया गया।

रेस्क्यू के बाद पशुचिकित्सक दल ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके अनुकूल प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इस तरह वन विभाग की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

वन विभाग ने नागरिकों से की अपील

इसे भी पढ़ें  मुख्यमंत्री की मुहीम नशामुक्त MP

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में तेंदुआ या अन्य वन्यप्राणी दिखाई देता है तो उसके नजदीक जाने, भीड़ लगाने, फोटो-वीडियो बनाने या उसे परेशान करने का प्रयास न करें। वन्यप्राणी को घेरने या खुद पकड़ने की कोशिश भी न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल वन्यप्राणी की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए।

Mandi Halchal

मंडी हलचल (Mandi Halchal) एक हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहां पाठकों को देश-दुनिया, मध्यप्रदेश, राजनीति, मनोरंजन, शिक्षा, रोजगार, कृषि, मंडी भाव, व्यापार, खेल और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक सही जानकारी पहुंचाना है। मंडी हलचल – निष्पक्ष खबर, विश्वसनीय जानकारी।