कर्नाटक: अब कांग्रेस को प्रोटेम स्पीकर से टेंसन, कहा क्यों बनाया KG को

बेंगलुरुः कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने सदन में शनिवार को शक्ति परीक्षण के लिए भाजपा विधायक के.जी. बोपैया को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा सरकार शनिवार को 4 बजे अपना बहुमत साबित करेगी। राज्यपाल ने विधानसभा के संचालन हेतु अस्थायी स्पीकर के लिए बोपैया को चुना है।
कांग्रेस ने कहा कि यह जिम्मेदारी सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य को दिए जाने की परंपरा रही है और कर्नाटक में भी इसी का पालन होना चाहिए। कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा कि संसद और विधानसभाओं के अस्थायी अध्यक्ष को लेकर यह परंपरा रही है कि सबसे वरिष्ठ सदस्य इस भूमिका को निभाते है। उनका काम सिर्फ खुद शपथ लेना और फिर दूसरों को शपथ दिलाना है। इसके बाद सीधा विश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होती है। कांग्रेस नहीं चाहती कि यह परंपरा टूटे।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस बोपैया की नियुक्ति को चुनौती देगी तो सिंघवी ने कहा कि हमारे लिए सभी अधिकारों का इस्तेमाल करने का विकल्प खुला हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि उसके विधायक आर वी देशपांडे को यह जिम्मेदारी दी जानी चाहिए थी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को शनिवार को बहुमत सिद्ध करना है। इसको देखते हुए राज्यपाल ने विधानसभा के संचालन हेतु अस्थायी (प्रोटेम) अध्यक्ष के लिए भाजपा विधायक के जी बोपैया को नियुक्त किया है।



