धतुरिया में प्रशासन का एक्शन! 1 करोड़ की जमीन दबंगों से मुक्त, 4 आदिवासियों को मिला हक
दबंगों के कब्जे से मुक्त कराई 20 बीघा जमीन, 4 आदिवासी परिवारों को मिला हक
शिवपुरी में प्रशासन की कार्रवाई, धतुरिया में करीब 1 करोड़ रुपये की भूमि से हटाया कब्जा
शिवपुरी। पोहरी क्षेत्र के ग्राम धतुरिया में प्रशासन ने जमीन पर कब्जे की शिकायत से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए चार आदिवासी पट्टाधारियों को उनकी भूमि का कब्जा दिलाया। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने 20 बीघा से अधिक जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
वर्षों से जमीन पर था कब्जा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैसरावन क्षेत्र के ग्राम धतुरिया में चार आदिवासी पट्टाधारियों की जमीन पर कई वर्षों से दबंगों का कब्जा था। मामले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

खेत की जुताई कराकर सौंपा कब्जा
राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। इसके बाद खेत की जुताई कराकर श्रिया आदिवासी, रूकम आदिवासी, पेमा आदिवासी और मंगा आदिवासी को उनकी भूमि का कब्जा दिलाया गया। कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ बाउंड ओवर की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
कई विभागों की टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान एसडीएम जेपी गुप्ता, नायब तहसीलदार सरिता भदौरिया, रेंजर श्रुति राठौर सहित राजस्व अमले और पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से चार आदिवासी पट्टाधारियों को अपनी जमीन पर खेती करने का अवसर मिला है।
मंडी हलचल | शिवपुरी
#Shivpuri #पोहरी #आदिवासी #जमीन_कब्जा #मध्यप्रदेश_न्यूज #MandiHalchal

