भ्रष्टाचार करने मांग रहे हैं सीएम 5 महीनेः सिंधिया

शिवपुरी। कोलारस उपचुनाव के लिए गुरुवार को प्रचार थमने से पहले कांग्रेस ने मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। कोलारस में कांग्रेस ने पहले एक रोड शो किया। मंडी प्रांगण में आमसभा की। प्रचार थमने से पहले की गई इस आमसभा में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री अब जनता से 5 महीने का समय मांग रहे हैं, जबकि उन्होंने पिछले 14 साल के शासन में इस क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। सिंधिया बोले कि मुख्यमंत्री इसलिए क्षेत्र की जनता से 5 महीने का समय मांग रहे हैं, क्योंकि 14 साल में जो भ्रष्टाचार वह नहीं कर पाए उसे 5 महीने में पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आग्रह करते हुए कहा कि वह विकास का साथ दें। किसी प्रलोभन में न आएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव महेंद्र सिंह यादव नहीं, भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं, बल्कि ज्योतिरादित्य और शिवराज के बीच है। सिंधिया ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में विकास के कई काम किए हैं। सिंधिया ने कहा कि आज शिवराज सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आत्महत्या कर रहे हैं किसानों को बड़ी राशि के बिल थमाए जा रहे हैं। सिंधिया ने कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ पूरा मंत्रिमंडल है और दूसरी ओर ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं, लेकिन में इनसे डरने वाला नहीं। सिंधिया ने कहा कि मेरे साथ क्षेत्र की जनता है और इस जनता के भरोसे इस चुनाव को जीतेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता विकास का साथ देगी और भ्रष्टाचार करने वालों को उखाड़ फेंकेगी। सिंधिया ने व्यापम कांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस घोटाले की वजह से प्रदेश के बेरोजगार युवक नौकरी से वंचित रह गए और पैसों वालों के अयोग्य लड़के नौकरी पाने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि इन घोटालेबाजों को जनता सबक सिखाए। सिंधिया ने कहा कि विकास की बात करने वाले नहीं जानते कि विकास क्या होता है उन्हें यह बात सिंधिया परिवार से सीखनी होगी। जिन्होंने हरसी और तिघरा जैसे बांध बनवाए हैं।

इसे भी पढ़ें  कांग्रेस प्रवक्ता बनने के लिए करणी सेना भी कतार में, दिया इंटरव्यू

पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कमलनाथ ने कहा कि कुछ महीने बाद जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी तो ऐसे अफसर और अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी, जो भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए एक आयोग गठित किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री कई सालों से झूठी घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें हिसाब देने का वक्त आ गया है, इसलिए जनता उनकी घोषणाओं पर भरोसा न करते हुए उनसे हिसाब मांग रही है। कमलनाथ बोले कि कांग्रेस की चक्की देरी से पीसती है, लेकिन बारीक पीसती है।

इसे भी पढ़ें  मध्य प्रदेश की फिजा में बर्फबारी का असर, होली के पहले ऐसा रहेगा सूबे का मौसम

वोटरों को खरीदने भाजपा ने मंगाया पैसाः केपी

पूर्व मंत्री और पिछोर विधायक केपी सिंह ने कहा कि उनके पास सबूत तो नहीं हैं, लेकिन जानकारी मिली है कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा वोटरों को खरीदने के लिए कराड़ों रुपए की राशि कोलारस विधानसभा में भेजी गई है। केपी ने कहा कि सिंधिया अकेले नहीं हैं, वे हमारे अलीबाबा हैं और जो 40 मंत्री घूम रहे हैं, वे 40 चोर हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया के साथ प्रदेश के लाखों लोग हैं।

सीएम पत्नी से भी झूठ बोलते हैं: यादव

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि सीएम शिवराज 24 में से 20 घंटे झूठ बोलते हैं, वे बोले कि उन्हें तो यह भी लगता है कि वे अपनी पत्नी से भी सच नहीं बोलते होंगे। यादव ने आरोप लगाए कि प्रदेश सरकार चुनाव में धनबल और अफसरशाही का जमकर दुरुपयोग कर रही है। सभा के दौरान पूर्व मंत्री हजारीलाल रघुवंशी ने भी संबोधित किया।

इसे भी पढ़ें  कमलनाथ पर बंदूक तानने वाले आरक्षक की मां ने कहा-मेरे बेटे को फंसाया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *