देश की सबसे तेज ट्रेन से टकराई बाइक, 2 कोच के कांच फूटे, 3 यात्री घायल

ग्वालियर। देश की सबसे तेज ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस से फराह स्टेशन के पास एक बाइक टकरा गई। बुधवार सुबह निजामुद्दीन से ग्वालियर आने के दौरान यह हादसा हुआ। युवक बाइक से पटरी क्रॉस कर रहा था और सामने से ट्रेन आता देख बाइक छोड़ भाग गया। इंजन से टकराते ही बाइक के टुकड़े-टुकड़े हो गए और उसके टुकड़े पीछे लगे सी-2 कोच की दो खिड़कियों से टकराए, जिससे कांच फूट गए। खिड़की के पास बैठे तीन यात्री चोटिल हो गए। ट्रेन के कांच को ग्वालियर स्टेशन पर बदला गया।

निजामुद्दीन से सुबह रवाना होने के बाद मथुरा से पहले फराह स्टेशन के पास गतिमान एक्सप्रेस से बाइक टकरा गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रेन को थोड़ी दूरी जाकर रोक लिया और कोच चेक किया। चोटिल हुए यात्रियों को आगरा में उतरना था तो वे रवाना हो गए। आगरा से रवाना होने के बाद ग्वालियर ट्रेन 11.25 बजे अपने निर्धारित समय ही पहुंची। चालक ने ट्रेन के लेट टाइम को कवर कर लिया। यहां ग्वालियर स्टेशन पर रेलवे स्टाफ ने सी-2 कोच का निरीक्षण किया और टेक्निकल टीम ने कोच के टूटे कांच में एक को बदला और दूसरे को दुस्र्स्त किया। ट्रेन स्टाफ ने बाइक एक्सीडेंट की सूचना संबंधित आरपीएफ थाने को पहुंचवा दी है।

इसे भी पढ़ें  मुंबई के कमला मिल्स कम्पाउंड में लगी आग, 15 लोगों की मौत

ट्रेन में छूटा कैमरा, मिला

गतिमान एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री का कैमरा ट्रेन में ही चार्जिंग प्वाइंट पर छूट गया। बुधवार सुबह यात्री सागर पांडे निजामुद्दीन से आगरा के लिए सफर कर रहे थे। कैमरा छूटने की सूचना उन्होंने आगरा रेलवे स्टेशन पर दी, जिसके बाद ग्वालियर में उनके कैमरे को कोच अटेंडेंट ने अपनी सुरक्षा में लिया और शाम को जब ट्रेन निजामुद्दीन के लिए रवाना हुई तो आगरा में कैमरा वापस दे दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *